बावन। लोनार कोतवाली क्षेत्र के बरैला गांव में बृहस्पतिवार दोपहर महिला का शव कमरे में साड़ी के फंदे से लटका मिला। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
गांव बरैला निवासी गुड़िया (41) का शव बृहस्पतिवार दोपहर कमरे में छत में लगे कड़े में साड़ी के फंदे से लटका मिला। कमरे की तरफ गए परिजनों ने शव लटका देखा।
परिजनों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर आ गए। घटना की सूचना मृतका के मायके शाहाबाद के शर्मा हाल्ट गांव में दी। कुछ ही देर में मायके पक्ष के लोग भी आ गए।
ग्रामीणों का कहना है कि मृतका का पति सुभाष दिल्ली में काम करता है। मृतका के पति के किसी महिला से संबंध थे। जिसे लेकर घर में कलह होती थी। इससे तंग आकर गुड़िया ने जान दे दी।
मृतका के दो बेटी एक बेटा है। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है। कोतवाल विनोद यादव ने बताया कि घटना संज्ञान में है। परिजन ने पुलिस को सूचना दिए बिना शव का अंतिम संस्कार कर दिया। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।