शाहाबाद (हरदोई)। कोतवाली क्षेत्र के नबीपुर गांव में मंगलवार रात ससुरालियों ने महिला की पिटाई के बाद गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद ससुराली फरार हो गए।
सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने पति और देवर के खिलाफ दहेज में कार की मांग पूरी नहीं होने पर हत्या करने का आरोप लगा तहरीर दी। एसपी राजेश द्विवेदी ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की।
शाहजहांपुर के थाना सिधौली के गांव गहरा निवासी फरहाना (40) की शादी करीब 16 वर्ष पहले शाहाबाद के नबीपुर गांव निवासी कालीन व्यापारी गुलफाम के साथ हुई थी। बुधवार सुबह उसका शव चारपाई पर पड़ा मिला। घटना के बाद से ससुराली फरार थे। पड़ोसियों की सूचना पर मायके पक्ष के लोग मौके पर आ गए।
मृतका के पिता तफज्जुल खां ने बताया कि बेटी के शरीर पर काफी चोटों के निशान थे। मुंह और नाक से खून निकल रहा था। आरोप है कि शादी के बाद से ससुराली कार की मांग कर बेटी को प्रताड़ित कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने लाठी-डंडों से पिटाई करने के बाद बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी।
मृतका के पिता ने पति और देवर पर हत्या का आरोप लगाकर तहरीर दी। एसपी ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की। एसपी ने बताया कि दंपती के बीच आए दिन विवाद होने की बात सामने आई है। पति व ससुराली अभी फरार है।
घटना के समय पति घर में मौजूद था या नहीं इसके लिए सीडीआर निकलवाई जाएगी। बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बच्चे रोककर बोले, कमरे में पड़ी है मां
फरहाना की हत्या के बाद आरोपी चारपाई पर शव छोड़कर फरार हो गए। मृतका के तीन बेटे, तीन बेटियां हैं। घटना के समय बच्चे उसी कमरे में सो रहे थे। सुबह आंख खुलने पर बच्चों ने फरहाना का शव पड़ा देखा।
बच्चे रोते-हुए घर से बाहर निकले। बच्चों ने रोकर आसपास के लोगों को जानकारी दी। अंदर पहुंचे पड़ोसी शव देख दंग रहे गए। पड़ोसियों का यही कहना था कि बच्चे बेसहारा हो गए।
फोटो-17- घटना स्थल का निरीक्षण करते एसपी राजेश द्ववेदी- फोटो : HARDOI