संडीला। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मल्हेरा में शनिवार सुबह एक महिला का शव कमरे मेें साड़ी के फंदे से लटका मिला। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की।
सीतापुर शहर कोतवाली क्षेत्र के नारायण नगर निवासी पूनम (25) की शादी एक वर्ष पूर्व संडीला के मल्हेरा गांव निवासी अजय के साथ हुई थी। अजय पंजाब के अंबाला में एक निजी कंपनी में नौकरी करता है।
शनिवार सुबह पूनम का शव कमरे में साड़ी के फंदे से लटका मिला। मृतका के ससुर राम जीवन ने घटना की सूचना बेटे और बहू के पिता बैजनाथ को दी। सूचना मिलने पर पिता परिजनों के साथ मौके पर आ गए।
मृतका के पिता ने बताया कि बेटी की शादी में सामर्थ्य के अनुसार दहेज दिया था। इसके बावजूद ससुराली मांग कर बेटी को प्रताड़ित कर रहे थे। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने बेटी की गला दबाकर हत्या कर शव फंदे पर लटका दिया।
मृतका के पिता ने कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने पति अजय, ससुर राजजीवन, सास रामगुनी, देवर वीरेंद्र के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया। कोतवाल दिलेश सिंह ने बताया कि घटना की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।