हरदोई। शहर के मोहल्ला आजाद नगर में शुक्रवार सुबह तख्त पर मृत मिले ई-रिक्शा चालक की मुंह दबाकर हत्या की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मुंह दबने से सांस रुकने की वजह से मौत होने पुष्टि हुई। पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी-बेटी व दो सालों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
पचदेवरा थाना क्षेत्र के मैकपुर निवासी योगेंद्र कुमार सिंह (40) ई-रिक्शा चलाता था। वह शहर के मोहल्ला आजाद नगर मेें किराये के मकान में पत्नी सविता और तीन बच्चों के साथ रहता था।
शुक्रवार की सुबह योगेंद्र का शव बरामदे मेें तख्त पर पड़ा मिला था। सूचना मिलने पर मृतक के पिता सुुभाष मौके पर आ गए थे। मृतक के पिता ने बताया कि बेटे ने करीब 12 वर्ष पहले सविता के साथ शादी की थी।
शादी के बाद से पत्नी से उसकी अनबन रहती थी। घटना की रात बहू ने अपने भाइयों को फोन करके बुलाया था। आरोप है कि पत्नी ने अपने भाइयों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी थी।
इसके बाद बीमारी से मौत होने की सूचना दे दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गले पर नाखूनों के निशान, मुंह दबने से सांस रुकने की वजह से मौत होने की पुष्टि हुई है।
मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पत्नी सविता, बेटी राधा, साले धर्मेंद्र और जितेंद्र के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की। कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि पत्नी व दोनों सालों को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।