हरदोई जिले में देहात कोतवाली क्षेत्र के भूड़ पुरवा गांव के पास लखनऊ-दिल्ली रेलवे मार्ग पार करते समय ट्रेन की चपेट में आकर महिला की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भूड़ पुरवा निवासी मीरा (35) का गांव के सामने से निकली लखनऊ-दिल्ली रेलवे लाइन के पार दूसरा मकान बना है।
बुधवार सुबह वह दूसरे मकान पर जाने के लिए रेलवे लाइन पार करने का प्रयास कर रही थी। इस दौरान ट्रेन की चपेट में आने से उसकी कटकर मौके पर मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजन ने बताया कि मीरा कपड़े धोने के लिए दूसरे मकान पर जाने की बात कहकर निकली थी। मृतका के परिवार में तीन बेटे एक बेटी है। घटना से ग्रामीणों में आक्रोश है। कोतवाल गंगेश शुक्ला ने बताया कि रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से महिला की जान गई है।