शाहाबाद। कोतवाली क्षेत्र में हरदोई-शाहजहांपुर मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे सीएचसी भेजा। डॉक्टर ने हालत नाजुक होने पर लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के मोदीपुर गांव निवासी अनूप कुमार (30) शाहजहांपुर के जलालाबाद के कुम्हरुआ गांव निवासी बहन के यहां गया था। रविवार सुबह वह बाइक से घर जा रहा था। हरदोई-शाहजहांपुर मार्ग पर ककरघटा के पास पीछे से आए अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में वह बाइक से उछलकर सिर के बल सड़क पर जा गिरा। हेलमेट न लगाए होने के कारण सिर में चोट आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे आनन-फानन से सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टर ने हालत नाजुक होने पर उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।