हरदोई जिले में पड़ोस के गांव से सब्जी खरीदकर आ रही बालिका के साथ रिश्ते के चाचा ने झाड़ियों में ले जाकर दुष्कर्म किया। पीड़िता के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। घर पहुंचकर पीड़िता ने मां को आपबीती बताई। मां ने थाने पहुंच पुलिस को तहरीर दी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। बघौली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पड़ोस के गांव भेलावां में बाजार लगती है। मंगलवार शाम उसकी 12 वर्षीय बेटी बाजार से सब्जी लेकर घर आ रही थी।
रास्ते में भेलावां मोड़ के पास पहले से मौजूद उसके रिश्ते के देवर मंगतराम ने उसे पकड़ लिया। वह बेटी को जंगल के अंदर झाड़ियों में ले गया। जहां पर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। बेटी के शोर मचाने पर मवेशी चरा रहे ग्रामीण ललकारते हुए दौड़े, तो यह देख आरोपी फरार हो गया।
बेटी किसी तरह घर आई और घटना के बारे में जानकारी दी। पुलिस ने बालिका को डॉक्टरी परीक्षण के लिए जिला महिला अस्पताल बुधवार को भेजा। प्रभारी एसओ अनिल कुमार ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।