हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र में हरदोई-शाहजहांपुर मार्ग पर मंगलवार देर रात अटवा असिगांव के पास डीसीएम की टक्कर लगने से आम से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे में चालक व मालिक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया। जहां ट्रक चालक ने दम तोड़ दिया।
अमरोहा के लोरन नगरी थाने के ग्राम भहौरा निवासी विजय सिंह (35) ट्रक चालक था। मंगलवार रात वह अमरोहा से आम लादकर पश्चिम बंगाल जा रहा था।
उसके साथ ट्रक मालिक नेकपाल (45) भी था। हरदोई-शाहजहांपुर मार्ग पर अटवा असिगांव के पास पीछे से आई डीसीएम ने ट्रक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़कर पलट गया।
हादसे में ट्रक मालिक व चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। ट्रक पलटा देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना देकर दोनों को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया।
जहां देर रात चालक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने मालिक की हालत नाजुक होने पर लखनऊ रेफर कर दिया। मृतक के पास मिले आधार कार्ड व मोबाइल से परिजनों को सूचना दी।
दोपहर बाद परिजन अस्पताल आ गए। परिजनों ने बताया कि मृतक के परिवार में पत्नी सोनम के अलावा एक बेटी-एक बेटा है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। कोतवाल गंगेश शुक्ला ने बताया कि परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।