बिलग्राम। कोतवाली क्षेत्र के गांव डाभा में एचटी लाइन का तार टूटकर जमीन पर गिर गया। चपेट में आने से तीन मवेशियों की करंट लगने से मौत हो गई। घटना से ग्रामीणों में आक्रोश है।
गांव डाभा निवासी योगेंद्र कुमार मवेशी पालन करते है। उनके घर के सामने से बिलग्राम होते सांडी जाने के लिए एचटी लाइन निकली है। शनिवार सुबह उनकी एक भैंस, दो बैल घर के सामने बंधे थे।
इस दौरान एचटी लाइन कार तार टूटकर सड़क पर गिर गया। तीनों मवेशी तार की चपेट में आ गए। मवेशियों को तड़पता देखा पीड़ित ने शोर मचा दिया।
शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बांस के सहारे तार हटाया। जब तक तीनों मवेशियों की मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों का कहना है कि लाइन पूरी तरह जर्जर हो चुकी है।
बिजली विभाग के अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। इसलिए हादसा हो गया। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस व पशु चिकित्साधिकारी को दी।
पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शवों को दफन करा दिया। जेई विजय कुुमार ने बताया कि घटना की जांच कराई जा रही है। पीड़ित को मुआवजा दिलाया जाएगा।