हरदोई। शहर के मोहल्ला नघेटा पूर्वी में चालक को झांसा देकर चोर ई-रिक्शा लेकर भाग गया। पूरी घटना एक मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित ने रेलवे गंज चौकी में तहरीर दी है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के महोलिया शिवपार निवासी वासुदेव ने बताया कि वह ई-रिक्शा चलाता है। रविवार शाम वह नघेटा पूर्वी में एक होटल के पास सवारियों के इंतजार में खड़ा था।
इस दौरान एक युवक आया, उसने घर से सामान उठवाकर ले जाने की बात कही। वह गली के पास ई-रिक्शा खड़ा करके युवक के पीछे चल दिया। कुछ दूर जाने के बाद वह एक गली से निकल गया।
उसे शक हुआ, तो वह वापस लौट कर आया, तो देखा कि ई-रिक्शा गायब था। उसने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन पता नहीं चल सका।
पीड़ित की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी। फुटेज में ई-रिक्शा लेकर भागता युवक दिखाई दिया। कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के जरिये चोर की तलाश की जा रही है।