उन्नाव के लापता मजदूर का शव मंगलवार शाम कासिमपुर के औरास मार्ग पर सड़क किनारे खंती में भरे पानी में पड़ा मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया हैं। उन्नाव जनपद के औरास थाना क्षेत्र के गांव सीहमऊ निवासी नीरज (25) संडीला स्थित एक फैक्टरी में काम करता था।
रविवार छह नवंबर की शाम वह घर के लिए निकला था मगर घर नहीं पहुंचा। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे लेकिन उसका पता नहीं चला। मंगलवार देर शाम उसके पिता होरीलाल को सूचना मिली कि औरास मार्ग किनारे पानी भरे गड्ढे में शव पड़ा है और पास में ही टूटी बाइक पड़ी है। मौके पर जाकर देखा तो शव उनके बेटे नीरज का निकला। मृतक तीन भाइयों मे सबसे छोटा था। एसओ आनंद नारायण त्रिपाठी ने बताया कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।