सांडी (हरदोई)। देर रात नवाबगंज में लखनऊ से आई वाइल्ड केयर विभाग की टीम ने मकान में छिपे तेंदुए को बाहर निकालने की कवायद शुरू कर दी है। टीम मकान की दीवार में छेद कर टोह लेने की तैयारी की है।
इससे पहले टीम के तीनों सदस्यों ने पूरे मकान का बाहर से जायजा लिया। इसके बाद मकान के पीछे की ओर पावर हाउस के परिसर का भी जायजा लिया। विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक टीम ने दीवार में छेद कर मकान के अंदर जाने की रणनीति बनाई है, लेकिन अभी इस पर अमल शुरू नहीं हुआ है। जिस मकान में तेंदुआ छिपा है, उसकी दीवारों का बारीकी से निरीक्षण किया गया। फिलहाल भारी पुलिस बल मौके पर तैनात है और आसपास से भीड़ को पूरी तरह से हटा दिया गया है। उम्मीद की जा रही है कि देर रात टीम अपनी कवायद को रफ्तार देगी।