शाहाबाद। कोतवाली क्षेत्र के रामपुर हृदय गांव में शनिवार दोपहर एक छात्रा का शव आम के बाग में दुपट्टे के फंदे से लटका मिला। परिजनों ने उसके मानसिक बीमारी से परेशान होकर जान देने की बात कही। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव रामपुर हृदय निवासी संध्या (14) कक्षा नौ की छात्रा थी। शनिवार सुबह उसका शव गांव के बाहर आम के बाग में फंदे पर लटका मिला। बाग की तरफ गए ग्रामीणों ने शव लटका देखा, तो जानकारी उसके परिजनों को दी। मृतका के पिता हरिओम ने बताया कि बेटी काफी दिनों से मानसिक रूप से बीमार थी।
शहर के एक अस्पताल से उसका इलाज चल रहा था, लेकिन उसे आराम नहीं मिल रहा था। बीमारी से परेशान होकर उसने फंदा लगाकर जान दे दी। कोतवाल सुरेश मिश्रा ने बताया कि मानसिक बीमारी से परेशान होकर आत्महत्या करने की बात सामने आई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।