हरदोई। कभी तेज धूप और फिर बारिश से वायरल का खतरा बढ़ गया है। लोग बीमारियों की जद मेें आ रहे हैं। गुरुवार को जिला अस्पताल के मेडिसिन विभाग में मरीजों की संख्या 200 के पार पहुंच गई। डॉक्टर मरीजों को दवा के साथ मौसम के बदलते तेवर से बचने की सलाह दे रहे हैं।
बारिश का मौसम चल रहा है। बारिश अपने साथ सर्दी, जुकाम, वायरल व संक्रमण की बीमारियां साथ लाई है। इस मौसम में ज्यादातर लोग बीमार हो रहे हैं। इनदिनों सर्वाधिक लोग वायरल और संक्रमण का शिकार होते हैं।
ऐसे में डॉक्टरों का कहना है कि जिन लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर है। वह संक्रमण की चपेट में आ जाते हैं। गुरुवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में काफी भीड़ थी।
सुबह से दोपहर दो बजे तक लगभग 1200 पर्चे बने। सबसे ज्यादा मरीजों की भीड़ मेडिसिन विभाग में देखने को मिली। मेडिसिन विभाग में तैनात फिजीशियन डॉ. विवेक वर्मा ने बताया कि लगभग 250 मरीज देखे गए।
इसमें सबसे ज्यादा वायरल, संक्रमण के मरीज थे। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में डेंगू, मलेरिया जैसी संक्रामक बीमारियों के बढ़ने की आशंका हो जाती है। इन बीमारियों से लड़ने के लिए खुद का ख्याल व बचाव के उपाय अपनाना बेहद जरूरी है।
बढ़ रहे त्वचा रोगी
डॉ. विवेक वर्मा ने बताया कि बारिश के मौसम में चर्मरोगों के मरीजों की संख्या बढ़ जाती है। इस मौसम में घमौरी, फोड़े-फुंसी आदि सामान्य बात है। इसके अलावा त्वचा में फंगस नमी की वजह से फैलने लगतीं हैं।
बीमारियों से बचें
बारिश के दौरान कहीं जाने पर रेन कोट या छतरी का प्रयोग करें। बारिश में भीगे कपड़े पहनकर ज्यादा समय तक न रहें। घर में या आसपास बरसात का पानी जमा न होने दें। पांव की उंगलियों के बीच को सूखा रखें, भीगे जूते और चप्पल पहनने से बचें। सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें। विटामिन सी, डी और अन्य पोषक तत्वों से भरपूर संतुलित आहार लें।