हरदोई के शाहाबाद में बुधवार को घर से चारा लेने के लिए निकली शिक्षामित्र की पत्नी का शव बृहस्पतिवार की दोपहर गन्ने के खेत में मिला। हत्या धारदार हथियार से गला रेतकर की गई मानी जा रही है। गांव के ही दो लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
कोतवाली के ग्राम नगला लोथू निवासी प्रेमचंद्र ग्राम गढ़ी चांद खां स्थित प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र हैं। बुधवार को उनकी पत्नी अनीता (42) चारा लेने खेत पर गई थी, लेकिन चारा लेकर नहीं लौटीं। देर रात तक परिजनों को तलाश करने पर कहीं पता नहीं चला।
बृहस्पतिवार की सुबह नत्थू को अपने गन्ने के खेत में खाद डालते समय खून से लथपथ अनीता का शव पड़ा मिला। उसके शोर मचाने पर ग्रामीण एकत्र हो गए। अनीता के गले पर गहरे निशान और चेहरे पर चोट के निशान थे। कपड़े अस्त व्यस्त थे।
पति प्रेमचंद्र के मुताबिक बुधवार की दोपहर गांव के दो नामजदों मुमताज और कमर को इसी खेत से भागते हुए लोगों ने देखा था। आशंका है कि इन्हीं ने हत्या की है। मौके पर एएसपी पश्चिमी कपिल देव यादव समेत पुलिस व फोरेंसिक टीम पहुंची। दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।