हरदोई। विद्यालयों में विज्ञान आइडिया बैंक तैयार करवाने के लिए प्रत्येक विद्यालय से पांच सर्वश्रेष्ठ छात्र-छात्राओं की सूची मांगी गई थी। लेकिन दो-चार को छोड़कर शेष विद्यालय अभी तक सूची नहीं दे सके हैं। इस पर आपत्ति दर्ज कराते हुए डीआईओएस ने 620 विद्यालयों को नोटिस जारी की है। साथ ही वेतन रोकने की चेतावनी दी है।
जिला विद्यालय निरीक्षक वीके दुबे ने बताया कि जिले के सभी कक्षा छह से कक्षा 10 वाले राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त विद्यालय, सीबीएसई, आईसीएसई बोर्ड केे इंटर कालेजों में विज्ञान आइडिया बैंक का निर्माण किया जाना है। इसको लेकर सभी विद्यालयों को कहा गया था कि पांच जुलाई से पहले ऑनलाइन आइडिया कंप्टीशन करा लें और सात जुलाई तक पांच सर्वश्रेष्ठ छात्र-छात्राओं की सूची कार्यालय को उपलब्ध करा दें। लेकिन अभी तक दो-चार विद्यालयों की ही सूचना आई है शेष विद्यालय अभी तक आइडिया सहित पांच बच्चों की सूची नहीं भेज पाए हैं। उन्होंने 620 से अधिक विद्यालयों को नोटिस जारी करते हुए तीन दिन के अंदर आइडिया व सर्वश्रेष्ठ पांच बच्चों की सूची मांगी है। सूची न देने वालों के जुलाई के वेतन पर रोक लगा दी जाएगी।