भरावन। अतरौली थाना क्षेत्र के बसहिया गांव में सोमवार को संदिग्ध हालात में महिला का शव फंदे पर लटका मिला था। इस मामले में पुलिस ने पिता की तहरीर पर पति समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
लखनऊ के मलिहाबाद थाने के भदेसर मऊ गांव निवासी राजेंद्र ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसने अपनी बेटी पूनम (20) की शादी 26 नवंबर 2021 को अतरौली थाना क्षेत्र के बसहिया गांव निवासी राजपाल के साथ हुई थी।
सोमवार सुबह रिश्तेदारों ने फोन करके पूनम का फंदे पर शव लटके होने की सूचना दी। जब वह मौके पर पहुंचा तो बेटी का शव जमीन पर पड़ा मिला था। घटना के बारे में ससुराली कुछ नहीं बोल रहे थे। मृतका के पिता ने थाने में तहरीर दी।
पुलिस ने पति राजपाल, ससुर खिलाड़ी, सास, देवर राजवीर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। हत्या के कारणों पर मृतका का पिता चुप्पी साधे है। प्रभारी निरीक्षक दीपक शुक्ला ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के कारणों की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।