फोटो- 18- हरदोई रोडवेज क्षेत्रीय कार्यालय। संवाद
हरदोई। होली पर यात्रियों को उनके घर से लाने व ले जाने में हरदोई क्षेत्र की बसें सबसे अधिक दौड़ीं। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के हरदोई क्षेत्र ने इस बार होली पर सफलता का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। अपनी शानदार सेवाओं और कुशल प्रबंधन के दम पर हरदोई रोडवेज ने राजस्व के मामले में पूरे उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है।
हरदोई क्षेत्र के अंतर्गत हरदोई डिपो, शाहजहांपुर, कन्नौज, सीतापुर, गोला और लखीमपुर डिपो शामिल है। होली पर यात्रियों की सहूलियत के लिए 28 फरवरी से नौ मार्च तक विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान परिक्षेत्र के अंतर्गत 1033 बसों का संचालन किया गया। जो पिछले साल से 150 बसें अधिक थीं। सभी बसों ने विशेष अभियान के दौरान 31,28,384 किलोमीटर बसें चलीं। इनसे हरदोई क्षेत्र को 10,95,18,077 रुपये की आय अर्जित हुई। जो गत वर्ष की अपेक्षा 2.95 करोड़ रुपये अधिक है। यह आंकड़ा प्रदेश के अन्य सभी क्षेत्रीय कार्यालयों की तुलना में सबसे अधिक रहा जिसके चलते हरदोई को प्रदेश में पहला पायदान मिला है।
कर्मचारियों में उत्साह का माहौल
हरदोई क्षेत्रीय कार्यालय को प्रदेश में प्रथम स्थान मिलने पर हरदोई रोडवेज के कर्मचारियों में भारी उत्साह है। विभागीय मुख्यालय से सराहना मिलने के बाद अब क्षेत्र को और अधिक आधुनिक बनाने और यात्री सुविधाओं के विस्तार की योजना पर काम किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में हरदोई क्षेत्र के बेड़े में और सुधार देखने को मिल सकता है।
टीमवर्क से मिली जीत
क्षेत्रीय प्रबंधक रमेश कुमार ने बताया कि चालक, परिचालक और डिपो कर्मचारी ने त्योहार की छुट्टियों की परवाह न करते हुए यात्रियों की सहूलियत को प्राथमिकता दी और उन्हें गंतव्य तक पहुंचाया। बसें भी समयबद्ध ढंग से चलीं इससे यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी हुई। साथ ही टिकट व्यवस्था का कड़ाई से पालन किया गया। कहा कि भविष्य में भी इस गौरव को बनाए रखा जाएगा।