हरदोई। विधान सभावार फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के पुनरीक्षण में बीएलओ (बूथ लेवल आफीसर) की लापरवाही से अभियान पिछड़ रहा है। विधानसभा क्षेत्र संडीला के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एसडीएम वीपी सिंह ने बैठक में गैर हाजिर रहने पर 146 बीएलओ का वेतन पर रोकने की संस्तुति की है।
विधानसभा क्षेत्रवार फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का पुनरीक्षण का काम चल रहा है। इसमें दावा और आपत्ति प्राप्त किए जाने की स्थिति पिछड़ी होने से यहां की प्रगति सही नहीं हो पा रही हैं।
बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायतराज अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को भेजे पत्र में एसडीएम ने कहा है कि आयोग ने पुनरीक्षण कार्यक्रम के विशेष तिथियां नियत हैं। 12 और 20 नवंबर की विशेष तिथियां बीतने के बाद भी फार्म-6 और फार्म-7 प्राप्त होने की संख्या शून्य है।
इससे पुनरीक्षण अभियान का न तो लोगों को लाभ मिल पा रहा है और न ही मतदाता सूची सही और शुद्ध किए जाने के लिए दावा और आपत्ति प्राप्त हो रहे हैं।
उन्होंने कहा है कि पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा के लिए बुलाई गई। इसमें 146 कर्मचारी बिना सूचना गैर हाजिर रहे। इन सभी का एक-एक दिन का वेतन रोकते हुए कार्रवाई करें।