पिहानी। अंडर-19 क्रिकेट के लिए रश्मि पाल ने फाइनल ट्रायल में अपनी जगह बना ली है। सेंट जेवियर्स स्कूल की छात्रा रश्मि, कमला क्लब कानपुर की ओर से लखनऊ जोन का प्रतिनिधित्व करेंगी। अगर सब ठीक रहा और छात्रा का प्रदर्शन अच्छा रहा, तो वह राज्य स्तर पर क्रिकेट के मैदान में पिहानी का नाम रोशन करेगी।
हरदोई डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रभात कुमार वर्मा व कोषाध्यक्ष अतुल मिश्रा ने बताया कि एसोसिएशन की ओर से 19 वर्ष से कम आयु की महिला खिलाड़ियों के मंडल स्तर के ट्रायल के लिए मिता राय, रश्मि पाल व प्रतीक्षा श्रीवास्तव को लखनऊ भेजा गया था।
इनमें रश्मि पाल का फाइनल ट्रायल के लिए कमला क्लब लखनऊ जोन के लिए चयन किया गया है। कोषाध्यक्ष मिश्रा ने बताया कि तीनों छात्राओं के आवेदन के बाद उन्हें सीएसडी सहारा लखनऊ भेजा गया था।
जहां मंडल स्तर ट्रायल के बाद रश्मि पाल को कमला क्लब कानपुर के लिए चयनित कर लिया गया है। सेंट जेवियर्स स्कूल पिहानी की निदेशक मौसमी चटर्जी व स्थानीय शाखा के प्रधानाचार्य विद्युत साहा ने बताया कि तीन छात्राओं को खेल शिक्षक संदीप गुप्ता ने तैयारी कराई थी।
रश्मि पाल ग्राम विजयनगर पारा निवासी राकेश पाल व कांति देवी की बेटी हैं। रश्मि की तमन्ना है कि वह राज्य और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महिला क्रिकेट में प्रतिनिधित्व करें।