हरदोई। कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलनरत भाकियू ने गुरुवार को देश भर में रेल चक्का जाम करने घोषणा की है। इसको लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है। अलर्ट को लेकर रेलवे सुरक्षा बल और प्रशासन सक्रिय हो गया है। हरदोई रेल खंड के हर स्टेशन पर आरपीएफ व जीआरपी समेत सिविल पुलिस के जवानों को भी तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।
केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए नए कृषि कानूनों के विरोध में भाकियू समेत अन्य किसान संगठन लंबे समय से आंदोलनरत हैं। इसी को लेकर भाकियू द्वारा गुरुवार को पूरे देश में रेल चक्का जाम किए जाने एलान किया गया है। भाकियू द्वारा प्रस्तावित रेल चक्का जाम को लेकर रेलवे व जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। रेलवे सुरक्षा बलों ने किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयारियां तेज कर दीं हैं। अधिकारियों ने बताया कि हरदोई रेल खंड के तहत आने वाले शाहाबाद, बेहटा गोकुल, कौढ़ा, हरदोई, करना-मसीत, बघौली, बालामऊ, दलेलनगर, उमरताली व संडीला समेत सभी स्टेशनों पर आरपीएफ व जीआरपी को विशेष चौकसी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। प्रदर्शनकारी रेल ट्रैक तक न पहुंचे, इसको लेकर प्रभावी ढंग से तैयारी की गई है।
आरपीएफ स्टेशन प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि हर स्टेशन पर, परिसर में आरपीएफ व जीआरपी के जवान तैनात रहेंगे। स्टेशनों पर सिविल पुलिस के भी पांच-पांच जवान मौजूद रहेंगे। बताया कि स्टेशन परिसर पर सिर्फ उन्हीं को प्रवेश दिया जाएगा, जिन्हें यात्रा करनी है। अगर कोई व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं जीआरपी एसओ सुनील दत्त कौल ने बताया कि स्टेशन परिसर के आसपास बैरिकेडिंग कराई जा रही है। व्यवस्था प्रभावित करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।