हरदोई। यूपी दिवस महोत्सव का आगाज रविवार को धूमधाम हुआ। तीन दिन तक चलने वाले यूपी दिवस की इस बार थीम आत्मनिर्भर उत्तरप्रदेश है। महिला, किसान और युवा विकास व सम्मान को तरजीह दी गई है। महोत्सव के पहले दिन कोरोना काल में कार्य करने वाले विभागों के जिला प्रमुखों को सम्मानित किया गया। विविध आयोजनों में प्रतिभाग करने वाले प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया। दुग्ध उत्पादन और पशुपालन के लिए भरावन विकास खंड के कृष्णापुर की राजपति को गोकुल और नंदबाबा पुरस्कार दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए शाहाबाद विधायक रजनी तिवारी ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं, किसानों और युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है। यूपी दिवस महोत्सव के जरिये बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिला है। डीएम अविनाश कुमार ने कहा कि कोरोना काल में जिन विभागों ने उत्कृष्ट कार्य कर कोरोना वारियर्स के रूप में योगदान दिया, उसके लिए सभी बधाई के पात्र हैं। एसपी अनुराग वत्स ने कहा कि सभी को अपना कार्य पूरे समर्पण और ईमानदारी से करना चाहिए। कार्यक्रम में श्री वेणीमाधव बालिका इंटर कालेज की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। इसी विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत गाया। आर्य कन्या पाठशाला इंटर कालेज की छात्राओं ने तेरा नाम बस सांचा पर कथक नृत्य प्रस्तुत किया। राजकीय बालिका इंटर कालेज की छात्राओं ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के समापन पर कोरोना महामारी के दौरान जान गंवाने वाले कोरोना वारियर्स के लिए एक मिनट का मौन भी रखा गया।
इन लोगों को किया गया सम्मानित
नेहरू युवा केंद्र के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों को सम्मानित किया गया। इनमें रुबी देवी, इतिशा गुप्ता, उत्तम कुमार, सुधांशु कश्यप, पवन कुमार शामिल रहे। महिला कल्याण विभाग की ओर से आयोजित डिबेट प्रतियोगिता की विजेता अंजली सिंह, खेलकूद प्रतियोगिता की विजेता नीतू वर्मा, बैंडमिंटन प्रतियोगिता की विजेता साक्षी अरविंद कुमार, सांस्कृतिक प्रतियोगिता में अलका वाजपेयी और साहित्यिक प्रतियोगिता में दीपा सिंह को पुरस्कृत किया। उद्योग विभाग की ओर से हफीजुद्दीन और रसीद अहमद को प्रशस्तिपत्र दिया गया। खादी ग्रामोद्योग विभाग की ओर से शब्बन, शिशुपाल, जितेंद्र पांडेय, आशीष पांडेय और दिलीप गुप्ता को सम्मानित किया गया। क्रीड़ा विभाग की ओर से अंजली श्रीवास्तव और गुफरान, माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से रंजीत सिंह और आर्यन शिखन तिवारी को सम्मानित किया गया। कौशल विकास मिशन की ओर से शिवानी गुप्ता, पारुल गुप्ता, प्रियंका अस्थाना, चंद्रा देवी और शहनाज को प्रशस्ति पत्र दिया गया। युवा कल्याण विभाग की ओर से सौरभ गुप्ता, श्रेया गुप्ता, विकास सिंह, अभय सिंह और आस्था त्रिवेदी को सम्मानित किया गया।