विकास भवन में बैठक करते प्रदेश लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद साथ में मौजूद सांसद अशोक रावत विध?
- फोटो : HARDOI
हरदोई। निरीक्षण भवन में रविवार को लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद जनप्रतिनिधियों से मिलने पहुंचे। इस दौरान अजीब स्थिति बन गई जब जिले के 10 विधायकों में केवल तीन ही वहां पहुंचे।
दोपहर करीब 12:15 बजे मंत्री निरीक्षण भवन पहुंचे। उनकी बैठक में सवायजपुर विधायक माधवेंद्र सिंह, सांडी विधायक प्रभाष कुमार और गोपामऊ विधायक श्याम प्रकाश ही पहुंचे। इस दौरान मिश्रिख सांसद अशोक रावत भी मौजूद रहे।
मंत्री कुछ देर तक विधायकों के आने का इंतजार तक करते रहे, लेकिन जब कोई नहीं पहुंचा तो मौजूद जनप्रतिनिधियों से बातचीत कर समस्याएं जानीं। विधायकों ने उन्हें बताया कि जिले में सड़कों की हालत जर्जर है। कई मार्ग तो चलने लायक ही नहीं बचे हैं। मंत्री ने आश्वासन दिया कि अधिकारियों से बात कर जल्द से जल्द सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी।
बैठक में जनप्रतिनिधियों के नहीं आने की जानकारी करने पर भाजपाइयों ने बताया कि जिले के दोनों मंत्रियों का अलग-अलग जिलों में पहले से कार्यक्रम लगा हुआ है। इस वजह से वे नहीं आ पाए। इसके अलावा अन्य जनप्रतिनिधि क्यों नहीं पहुंचे, इसकी किसी को कोई जानकारी नहीं है।