हरदोई। पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद ने रविवार को सर्कुलर रोड, बावन चुंगी, सवायजपुर मार्ग पर जारी गड्ढा मुक्त कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान यहां पर निर्माण कार्य में घटिया सामग्री मिली। इस पर पीडब्ल्यूडी मंत्री ने नाराजगी जताई और कहा कि लखनऊ से टीम भेजकर जांच कराएंगे और संबंधित जेई व ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों के गड्ढा मुक्त अभियान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें। इस दौरान विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सुखसागर मिश्रा, जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, एडीएम वंदना त्रिवेदी व नगर मजिस्ट्रेट डॉ. सदानंद गुप्ता आदि उपस्थित रहे।
लापरवाही बरतने वाले जेई व ठेकेदारों को नोटिस जारी करें
विकास भवन के आयोजित समीक्षा बैठक में लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद ने सड़कों के निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की। अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड को निर्माण कार्यों में लापरवाही करने वाले जेई एवं संबंधित ठेकेदारों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। समय से कार्य न पूरा करने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध कार्रवाई करने की बात कही।
मंत्री ने कहा कि सड़कों के निर्माण कार्यों की प्रगति रिपोर्ट सभी अधिशासी अभियंता प्रत्येक दिन उपलब्ध कराएं। गड्ढा मुक्त, विशेष मरम्मत एवं नवीन सड़कों के निर्माण की जानकारी जनप्रतिनिधियों को उनके विधानसभावार उपलब्ध कराएं।
सड़क निर्माण के लिए मिली और खर्च की गई धनराशि की रिपोर्ट भेजें। बैठक में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह से कहा कि पीडब्लूडी एवं अन्य संबंधित विभागों से सड़क निर्माण की नियमित समीक्षा करें और खराब प्रगति वाले अधिकारियों पर कार्यवाही करें। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने पंचायत की ओर से प्रस्तावित तथा बनाई जा रहीं सड़कों के संबंध में जानकारी दी।
इन सड़कों को बनवाने की हुई मांग
बैठक में मिश्रिख सांसद अशोक रावत ने नेवादा-अतरौली, हत्याहरण-हसियांघाट तथा बेरूआ से हथौड़ा मार्ग को ठीक कराने की मांग की। विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू ने बाढ़ से कटी ग्राम चंदनपुर से कहारकोला, बेहटा से खद्दीपुर, चौसार से अरवल, दहेलिया, अरवल एवं अर्जुनपुर की सड़कों को दुरुस्त कराने की बात कही। विधायक प्रभाष कुमार एवं विधायक श्याम प्रकाश ने अपने-अपने क्षेत्रों की खराब सड़कों को शीघ्र ठीक कराने की बात कही।