हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र के कंडौना गांव के पास बृहस्पतिवार सुबह रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट मेें आने से वृद्ध की मौत हो गई। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव कंडौना निवासी राजाराम (58) खेती करता था, वह बधिर था। गांव के पास से लखनऊ-दिल्ली रेलवे मार्ग निकला है। बृहस्पतिवार सुबह वह रेलवे लाइन की तरफ गया था।
परिजनों के मुताबिक वह कान की मशीन घर में छोड़ गया था। रेलवे ट्रैक पार करने का प्रयास कर रहा था। इस दौरान आई ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। रेलवे लाइन की तरफ गए ग्रामीणों ने परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंच गए। कोतवाल गंगेश शुक्ला ने बताया कि वृद्ध बधिर था। ट्रेन की आवाज सुनाई न देने से हादसे का शिकार हो गया।