फोटो-36- पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी किया गया आदेश पत्र
- फोटो : HARDOI
हरदोई। अभी तक पुलिस अपराधियों को पकड़ती थी, लेकिन अब सड़कों पर घूम रहे आवारा मवेशियों को पकड़कर गोशाला में बंद करेगी। यह आदेश एसपी राजेश द्विवेदी ने सभी थाना प्रभारियों को जारी किया है।
एसपी ने जारी पत्र में कहा कि सड़कों पर घूम रहे आवारा मवेशी हादसे का कारण बन रहे हैं। जिससे आए दिन वाहनों के टकराने से लोग जान गंवा रहे हैं। हादसों को रोकने के लिए महकमे ने पहल शुरू की है।
आईजी लखनऊ परिक्षेत्र ने गूगल मीट की बैठक में हादसों को रोकने पर जोर दिया। आईजी ने सड़कों पर घूम रहे आवारा मवेशियों को पकड़कर गोशालाओं में छुड़वाने के निर्देश दिए हैं। इससे हादसों पर काफी हद तक अंकुश लग सकेगा। आईजी के निर्देश पर सभी थाना प्रभारियों को पत्र भेजा गया है।
इस पत्र में क्षेत्रों में गश्त व पिकेट ड्यूटी करने वाले, पीआरवी वाहनों पर तैनात पुलिसकर्मियों को सड़कों पर आवारा मवेशी घूमते मिलने पर उन्हें पकड़कर पास की गोशालाओं में भिजवाने के निर्देश दिए गए हैं। ताकि हादसों को रोका जा सके। कहा कि इसमें किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए।