हरदोई। लखनऊ-दिल्ली रेल मार्ग पर मंगलीपुरवा फाटक पार करते समय मालगाड़ी की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। जीआरपी ने घटना की सूचना परिजनों देकर शव पोस्टमार्टम को भेजा।
बदायूं के उझानी थाने के सिहौना गांव निवासी अमन (25) बुधवार को हरदोई आया था। देर शाम वह शहर कोतवाली क्षेत्र में मंगलीपुरवा के पास लखनऊ-दिल्ली रेल मार्ग पर फाटक पार कर रहा था।
इस दौरान अप लाइन पर आ रही मालगाड़ी की चपेट में वह आ गया। हादसे में उसकी मौके पर मौत हो गई। राहगीरों ने घटना की सूचना जीआरपी को दी।
जीआरपी ने शव को कब्जे में लिया। तलाशी के दौरान पास में मिले मोबाइल और आधार कार्ड से उसकी शिनाख्त कर घटना की सूचना युवक के परिजनों को दी।
गुरुवार सुबह परिजन मौके पर आ गए। जीआरपी प्रभारी रेहान खां ने बताया कि रेलवे ट्रैक पार करने के प्रयास में युवक की जान गई है।