हरदोई। शहर में प्रधान डाक घर के पास कार से उतरते समय शिक्षिका की पर्स से गिरे रुपये लेकर महिला फरार हो गई। रुपये गायब होने की सूचना पीड़िता ने कोतवाली में दी।
पुलिस ने पास में लगे सीसीटीवी की फुटेज देखीं, जिसमें रुपये उठाकर एक महिला रिक्शा से बैठकर जाती दिख रही है। पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
शहर के न्यू सिविल लाइन निवासी नमी जैन कपूर ने दी तहरीर में बताया कि वह लखनऊ मार्ग स्थित एक निजी स्कूल में पढ़ाती हैं। 9 मई को वह स्कूल से कार में घर आ रहीं थी।
प्रधान डाक घर के पीछे पासपोर्ट कार्यालय में उसे कुछ काम था। डाक खाने के पास कार खड़ी करके वह उतर रही थी। इस दौरान पर्स में रखे डेढ़ लाख रुपये गिर गए।
उसे रुपये गिरने की जानकारी नहीं हुई। कुछ दूरी पर खड़ी एक महिला ने रुपये गिरते देख लिए, उसके जाने के बाद महिला रुपये उठाकर फरार हो गई।
वापस आने पर रुपये गायब होने की जानकारी हुई। कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर फुटेज के जरिये महिला की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।