हरदोई। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थियों के लिए ई-केवाईसी कराने का आज अंतिम दिन हैं। यदि आज ई-केवाईसी नहीं कराई, तो सम्मान निधि रुक जाएगी। अभी तक जिले में करीब ढाई लाख किसानों ने ई-केवाईसी नहीं कराई है।
किसान सम्मान निधि योजना के तहत जिले के 7,15,490 किसान पंजीकृत हैं। केंद्र सरकार ने इन सभी किसानों को 31 मई तक ई-केवाईसी कराने के लिए डेट लाइन दी गई थी, लेकिन अभी तक 4,66,806 किसानों ने ही ई-केवाईसी कराई है।
जबकि 248684 किसान अभी शेष हैं। ऐसे में विभागीय अफसरों का कहना है कि डेट लाइन मंगलवार को समाप्त हो रही है। इसीदिन योजना की 11वीं किस्त जारी हो रही है।
ऐसे में ई-केवाईसी न कराने वाले इन किसानों की अगली किस्त पर ब्रेक लगना तय है। यह अलग बात है कि सरकार इस डेट लाइन को आगे बढ़ाता है, तो शायद यह ब्रेक न लगे, लेकिन अभी तक डेट लाइन बढ़ाए जाने की कोई सूचना नहीं है।
क्या है ई- केवाईसी
ई का अर्थ ऑनलाइन और केवाईसी का मतलब नोन योर कस्टमर यानी अपने ग्राहक को जानिए। इसके तहत सभी लाभार्थियों को आधार नंबर के साथ अपनी पहचान को ऑनलाइन सत्यापित कराना है।
इसके लिए लाभार्थी किसान को जन सुविधा केंद्र पर जाकर ई-केवाईसी करानी होगी। यहां दो तरह से ई-केवाईसी होगी। पहला जिनके आधार से मोबाइल नंबर फीड है, उनकी ओटीपी के माध्यम से ई-केवाईसी हो जाएगी। दूसरा जिन लाभार्थियों के आधार में मोबाइल नंबर फीड नहीं है, उन्हें आधार नंबर बताने पर बायोमीट्रिक कराने से ई-केवाईसी हो जाएगी।
वर्जन
शासन से निर्धारित डेट लाइन मंगलवार को समाप्त हो रही है। ऐसे में जो किसान ई-केवाईसी नहीं करा पाए हैं वे आज ही इसे करा लें, अन्यथा उनकी निधि पर ब्रेक लगना तय है। जिले में करीब ढाई लाख पंजीकृत किसानों ने अभी तक ईकेवाईसी नहीं कराई है। - डा.नंद किशोर, डीडी कृषि