फोटो-22- दुकान में लगी आग से जला सामान
- फोटो : HARDOI
संडीला। कोतवाली क्षेत्र में नारायणपुर मोड़ के पास स्थित बाइक रिपेयरिंग व कोल्ड ड्रिंक की दुकान में रविवार दोपहर तारों में स्पार्किंग होने से आग लग गई।
आग बुझाने के प्रयास में दुकानदार का बेटा झुलस गया। दुकानदार ने निजी संसाधनों से आग पर काबू पाया। इसके बाद बेटे को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
गांव तिलुइया खुर्द निवासी वारिस अली बाइक मिस्त्री है। हरदोई-लखनऊ मार्ग पर नारायणपुर मोड़ पर उसकी बाइक रिपेयरिंग की दुकान है। इस दुकान मेें वह कोल्डड्रिंक का भी काम करता है।
रविवार दोपहर उसका बेटा सारिक दुकान पर बैठा था। इस दौरान दुकान के अंदर रखे फ्रिज के पास तारों में स्पार्किंग होने पर निकली चिंगारी से पास में रखे सामान में आग लग गई।
कुछ ही देर में आग ने विकराल रुप धारण कर लिया। आग बुझाने का प्रयास करते समय सारिक झुलस गया। सूचना पर पहुंचे दुकानदार ने आसपास के दुकानदारों की मदद से निजी संसाधनों से खासी मशक्कत करके आग पर काबू पाया।
पीड़ित ने आग से लगभग डेढ़ लाख रुपये का नुकसान होने की बात कही। कोतवाल डीके सिंह ने बताया कि तारों में स्पार्किग होने की वजह से दुकान में आग लगने की बात सामने आई है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।