हरपालपुर। कठेठा ग्राम पंचायत के वर्तमान व पूर्व प्रधान, तीन ग्राम सचिवों पर कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की है।
मुकदमा दर्ज कराते हुए गांव के मजरा मदनापुर निवासी दिव्यांग नन्हे ने बताया कि पांच साल से वह प्रधानमंत्री आवास व शौचालय के लिए आवेदन कर रहा है।
इसकी मांग उसने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री समेत शासन के उच्च अधिकारियों से की थी। इसका निस्तारण ग्राम प्रधान रघुवीर सहाय त्रिवेदी व सचिव सुभाष सिंह ने निस्तारण किया।
जिसमें उसे योजना के लिए पात्र बताया। इसके साथ ही अगले सत्र में आवास व शौचालय की सूची में उसका नाम शामिल कर लाभ देने की बात कही।
आवास व शौचालय नहीं मिलने पर दोबारा शिकायत की। इस पर ग्राम सचिव सोमेंद्र प्रताप सिंह व गरिमा कुशवाहा, वर्तमान प्रधान शिवरतन ने फर्जी तथ्यों के आधार पर उसे आवास व शौचालय का लाभ न देते हुए शिकायत का निस्तारण कर दिया।
मामले में उसने थाने से लेकर पुलिस के उच्चाधिकारियों से शिकायत की। रिपोर्ट दर्ज न होने पर उसने न्यायालय की शरण ली। प्रभारी निरीक्षक उमाकांत दीपक ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर वर्तमान व पूर्व प्रधान और तीन ग्राम सचिवों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।