हरदोई की अर्पिता कपूर। संवाद फोर्ब्स की सूची में पाया स्थान।
- फोटो : HARDOI
पिहानी (हरदोई)। कस्बे के मोहल्ला मुरीदखानी निवासी अर्पिता कपूर ने एशिया में हरदोई का मान बढ़ाया है। फोर्ब्स ने एशिया में कंज्यूमर टेक्नोलॉजी क्षेत्र में विशेष कीर्तिमान स्थापित करने वाले 30 वर्ष से कम आयु वाले 30 लोगों को सूचीबद्ध किया है।
इसमें पिहानी की बेटी अर्पिता को भी शामिल किया गया है। अर्पिता को सूची में शामिल किए जाने पर माता पिता समेत परिजनों व जानने वालों में हर्ष का माहौल है।
गायत्री प्रज्ञा पीठ के प्रमुख ट्रस्टी अतुल कपूर की बेटी अर्पिता कपूर ने को-फाउंडर मोहित रंगराजू के साथ मिलकर मोबाइल गेम कंपनी मेच मोचा की स्थापना की थी।
उनके द्वारा बनाए गए कई गेम्स मोबाइल की दुनिया में काफी पसंद किए गए। इस दिशा में उत्कृष्ट कार्य करने पर अर्पिता को नीदरलैंड में सर्वश्रेष्ठ महिला गेम डेवलपर का विश्व स्तरीय अवार्ड भी दिया जा चुका है।
कुछ माह पहले ही अर्पिता ने अपनी कंपनी मेच मोचा को फ्लिपकार्ट में विलय कर दिया है। उनकी कंपनी में एस्सेल पार्टनर, श्याओमी कैपिटल व ब्लूम वेंचर जैसी नामी कंपनियों ने 10 मिलियन डॉलर की धनराशि का निवेश किया है।
इन दिनों वह फ्लिपकार्ट में डायरेक्टर बिजनेस व को फाउंडर मोहित रंगराजू डायरेक्टर प्रोडक्ट के पद पर कार्यरत हैं। अर्पिता को फोर्ब्स द्वारा बनाई गई विशेष सूची में शामिल किए जाने पर पिता अतुल कपूर समेत अन्य लोगों ने खुशी जताई है।