हरदोई। बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और सफाई व्यवस्था समेत सात बिंदुओं पर खरी उतरी संडीला व पिहानी सीएचसी को कायाकल्प अवार्ड मिला है। दोनों सीएचसी को एक-एक लाख का पुरस्कार मिलेगा। सीएमओ ने अन्य सीएचसी के स्टॉफ से इसी तरह के कार्य की प्रेरणा लेने की बात कही।
सीएमओ डॉ.ओपी तिवारी ने बताया कि एनआरएचएम के तहत पुरस्कार पाने के लिए स्वास्थ्य केंद्रों पर सात बिंदु दिए गए थे। इसमें कर्मियों की कार्यशैली एवं दक्षता में सुधार करना, स्वास्थ्य सुविधा परिसर में सफाई, बॉयोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन, हाइजिन प्रमोशन, स्वास्थ्य केंद्र की चहारदीवारी के बाहर की सफाई, सैनिटाइजेशन, संक्रमण प्रबंधन, ईको प्रबंधन आदि बिंदुओं पर जांच टीम अंक देतीं हैं।
बताया कि वर्ष 2021-22 में कायाकल्प पुरस्कार के लिए छह सीएचसी को चिह्नित किया गया था। जिसमें संडीला और पिहानी को 70 फीसदी के अधिक अंक पाने में पुरस्कार के लिए चुना गया।
इसके तहत इन सीएचसी को एक-एक लाख रुपये की धनराशि मिलेगी। इसके साथ ही ग्रामीण (पीएचसी) भरावन को क्वालिटी इंश्योरेंस के तहत जिले में प्रथम पुरस्कार मिला है।
कायाकल्प अवार्ड के रूप में ग्रामीण पीएचसी को दो लाख रुपये तथा ग्रामीण पीएचसी भवना खेड़ा, कोथावां और सुरसा को 50-50 हजार रुपये का सांत्वना पुरस्कार दिया गया है। बताया कि इन सीएचसी/पीएचसी का स्टाफ बधाई के पात्र हैं।