सवायजपुर। लोनार कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सवायजपुर तहसील मुख्यालय पर स्थित शकुंतला देवी इंटर कालेज में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर से बुधवार रात 11 लोग भाग निकले। लोगों के भागने की सूचना से खलबली मच गई। पूरे मामले की जानकारी एसडीएम को दी गई और इसके बाद राजस्व निरीक्षक ने 11 लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराए जाने के लिए पुलिस को तहरीर दी है।
25 मार्च के बाद गैर जनपदों और प्रांतों से आए लोगों को रोकने के लिए प्रशासन ने 52 बड़े और 196 छोटे क्वारंटीन सेंटर बनाए हैं। इन्हीं में बाहर से आए लोगों को रखा जा रहा है। सवायजपुर के शकुंतला देवी इंटर कालेज में दिल्ली व अन्य जगहों से लौटकर आए 38 लोगों को रोका गया था। राजस्व निरीक्षक जितेंद्र गुप्ता और लेखपाल कुशमंगल सिंह ने बताया कि बुधवार की रात पांडेयपुर के सात लोग और सवायजपुर के चार लोग क्वारंटीन सेंटर से भाग निकले। एसडीएम मनोज सागर के निर्देश पर तहरीर कोतवाली में दी गई है। एसडीएम ने बताया कि सभी संबंधित लोगों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश पाली और लोनार पुलिस को दिए गए हैं।