सांडी। थाना क्षेत्र में कटरा-बिल्हौर मार्ग पर कोल्ड स्टोरेज के पास जीप ने एक बाइक मेें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक के पीछे बैठा युवक नीचे जा गिरा। तो जीप ने उसे रौंद दिया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे सीएचसी भेजा। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अरवल थाना क्षेत्र के अदनियापुर गांव निवासी पंकज (26) मजदूरी करता था। वह काफी दिनों से परिवार के साथ शाहजहांपुर के अल्हागंज कस्बे में रहता था। सोमवार को वह साथी राम निकेतन के साथ बाइक से हरिवंशापुर स्थित रिश्तेदारी मेें बरात में शामिल होने आया था।
देर शाम दोनों बाइक से घर जा रहे थे। सांडी थाना क्षेत्र के कटरा-बिल्हौर मार्ग पर एक कोल्ड स्टोरेज के पास पीछे से आई जीप ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक पर पीछे से बैठा पंकज नीचे गिर गया।
इसी बीच जीप ने उसे रौंद दिया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे सीएचसी भेजा। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर परिजन मौके पर आ गए।
मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा एक बच्चा है। पुलिस ने मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। एसओ बालकृष्ण मिश्रा ने बताया कि जीप का पता नहीं चला सका है। परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।