जिला अस्पताल की मोर्च्युरी के बाहर मौजूद परिजन।
- फोटो : HARDOI
हरदोई। हेलमेट न लगाने की भूल चचेरे भाइयों की मौत का कारण बन गई। हादसे के दौरान सिर में चोट लगने से दोनों की जान चली गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हेड इंजरी से दोनों की मौत की पुष्टि हुई।
गांव धर्मपुर निवासी दलगंजन (18) अपने चचेरे भाई मिथुन (22) के साथ टेनी मार्ग पर हादसे का शिकार हो गए। हादसे के समय बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
सिर में चोटें आने से दलगंजन व मिथुन की मौत हो गई थी। परिजनों का कहना था कि घर से बाइक लेकर निकालते समय मिथुन हेलमेट घर में भूल गया था। बिना हेलमेट बाइक चलाना जानलेवा साबित हुआ।
हेलमेट लगाए होता तो शायद दोनों की जिंदगी बच जाती, जरा सी भूल दो परिवारों को जिंदगी भरकर का जख्म दे गई। परिवार में दो मौतों से मातम पसरा है। एसओ राजदेव मिश्रा ने बताया कि यातायात नियमों की अनदेखी जिंदगी पर भारी पड़ रही है। यातायात नियमों को दरकिनार कर एक बाइक पर तीन सवारी बैठाकर जाना हादसे का कारण बना है।
डेढ़ माह में उजड़ गई मांग
हादसे अक्सर गहरा जख्म दे जाते हैं। इस हादसे में भी ऐसा ही हुआ। परिजनों के मुताबिक मिथुन की शादी डेढ़ माह पहले सांडी थाना क्षेत्र के बघराई गांव निवासी सोनी के साथ हुई थी।
डेढ़ माह में ही सोनी की मांग उजड़ गई। मिथुन चार भाइयों में बड़ा था। वहीं उसका चचेरा भाई दलगंजन छह भाइयों में छोटा था। दो भाइयों की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
मृतक दलगंजन। (फाइल फोटो)- फोटो : HARDOI
मृतक मिथुन। (फाइल फोटो)- फोटो : HARDOI