पिहानी। पिहानी कोतवाली क्षेत्र के हरिहरपुर निवासी युवक की संदिग्ध हालात में मंगलवार रात मौत हुई थी। इस मामले में एक ही परिवार के पांच लोगों के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
पिहानी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हरिहरपुर निवासी अरुण कुमार (28) पुत्र छोटेलाल बाइक समेत मंगलवार रात सड़क किनारे खेत के पास पड़ा मिला था। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरियावां और फिर जिला अस्पताल रेफर किया गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई राम लखन ने पंाच लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर बुधवार को पुलिस को दी थी। पुलिस ने जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज करने का आश्वासन दिया था। इससे इतर पोस्टमार्टम के बाद शव मिलने पर बुधवार देर शाम अरुण के परिजनों ने शव रखकर मंसूरनगर तिराहे पर जाम लगा दिया था। जाम खुलवाने पहुंचे सीओ एसआर कुशवाहा ने रिपोर्ट दर्ज करने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया था। देर रात पुलिस ने मृतक के भाई रामलखन की की तहरीर पर हरिहरपुर निवासी नागेश्वर सिंह उसके दो पुत्रों राधे और छोटू, विपुल पुत्र सुखपाल सिंह, सुनील पुत्र खरगू के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पिहानी कोतवाल महेशचंद्र ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और जांच भी शुरू हो गई है।