हरदोई। कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए अफसर हर दिशा में काम कर रहे हैं। इधर दो दिन से मंडी में सुबह थोक व फुटकर सब्जी खरीदने वालों के इकट्ठा होने की सूचना मिलने के बाद मंडी प्रशासन ने डीएम पुलकित खरे के निर्देश पर व्यवस्था में बदलाव किया है। आम दिनों में लगभग 10 बजे तक व्यापारियों से गुलजार रहने वाली मंडी को मंगलवार के बाद बुधवार को भी सुबह आठ बजे बंद करा दिया गया।
मंडी सचिव बबलू लाल ने बताया कि सब्जियों की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। मंडी नियमित खुल रही है और बाहर से आवश्यक सब्जियां भी आ रही हैं। सब्जी मंडी में अनावश्यक भीड़ न लगे इसके लिए मंडी में सब्जी के थोक कारोबार के लिए सुबह 5 से 8 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। बताया कि इस दौरान सिर्फ फेरी व मोहल्ले में दुकान लगाने वाले लोग ही थोक में सब्जी खरीद सकेंगे। आमजन के लिए मंडी में फुटकर कारोबार पूरी तरह से बंद रहेगा। मंडी सचिव ने कहा कि आमजन से मंडी न आने की अपील की है। कहा है कि लोग मोहल्ले में फेरी लगाने वाले विक्रेताओं से ही सब्जी खरीदें।