बेहटागोकुल। सरकार भले ही स्वास्थ्य मेला आयोजित कर लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैय्या कराने का दंभ भर रही है लेकिन यह मेला सकाहा पीएचसी क्षेत्र के मरीजों के लिए सोमवार को मुसीबत बन गया।
हालात ये रहे है कि पीएचसी में ताला बंद करके स्वास्थ्य कर्मी और डॉक्टर सीएचसी पर स्वास्थ्य मेला कराने चले गए। जबकि यहां आने वाले मरीज इलाज के अभाव में भटकते नजर आए और आखिर में अपने घरों को लौट गए। बताया जा रहा है कि सीएचसी में लगे स्वास्थ्य मेले में सीएमओ के आदेश पर कर्मी पहुंचे थे।
सकाहा पीएचसी के गेट पर सोमवार को सुबह 11 बजे ताला पड़ा दिखा। पीएचसी का पूरा स्टाफ नदारद था। संवाद प्रतिनिधि पहुंचा तो गेट पर मौजूद मरीजों ने बताया कि पीएचसी पर अक्सर ऐसे ही हालात रहते हैं।
यहां डॉक्टर के आने जाने का कोई समय तय नहीं है। बेहटा धीरा निवासी अमित सिंह ने बताया है सोमवार सुबह पीएचसी पर जुकाम, बुखार की दवा लेने आए थे, लेकिन अस्पताल में 11 बजे तक ताला पड़ा है।
अब जिला चिकित्सालय जाना पड़ेगा। बरखेरा निवासी रजनीश सिंह ने बताया है जब दवा लेने सकाहा पहुंचे तो ताला लटक रहा था। करीब 9 किलोमीटर से चलकर आए हैं। अब निराश होकर लौट रहे हैं।
पीएचसी सकाहा में तैनात डॉ. संतोष यादव ने बताया कि सीएमओ के आदेश से वह बावन सीएचसी पर लगे स्वास्थ्य मेले में आए हैं। बावन सीएचसी प्रभारी डॉ. पंकज मिश्रा के पास ही सकाहा पीएचसी का प्रभार है। उन्होंने बताया कि बावन सीएचसी में स्वास्थ्य मेला का आयोजन था। इसलिए पूरे स्टाफ को यहीं पर बुला लिया था।
वर्जन
बावन सीएचसी में लगे स्वास्थ्य मेले में मंत्री जी को आना था। इसलिए वहां पर सकाहा पीएचसी का सारा स्टाफ बुलाने का आदेश दिया था। -
डॉ. ओपी तिवारी, सीएमओ, हरदोई