फोटो-14-शाहबाद में घटनास्थल पर जांच करती पुलिस
- फोटो : HARDOI
शाहाबाद। कोतवाली के भूड़ा तिगांवा गांव में एक युवक का शव शनिवार की सुबह गन्ने के खेत में खड़े विद्युत पोल से रस्सी के फंदे पर लटका मिला। घटना पर परिजन चुप्पी साधे हैं। गांव में शराब के नशे मेें पोल पर चढ़कर खुदकुशी करने की चर्चाएं हैं।
ग्राम भूड़ा तिगावां गांव निवासी रामदेव (32) शराब का लती था। शनिवार की सुबह उसका शव घर से 100 कदम दूरी पर स्थित गन्ने केे खेत में खड़े विद्युत पोल पर रस्सी के फंदे से लटका मिला।
शौच के लिए खेतों तरफ गए ग्रामीणों ने शव लटका देखा, तो सूचना उसके परिजनों को दी। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर आ गए। परिजनों ने बताया कि मृतक छह भाइयों में छोटा था।
वह अलग मकान बनाकर रहता था। घटना के बारे में और कुछ भी परिजन नहीं बता रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक चार दिन पूर्व भी रामदेव आत्महत्या करने का प्रयास कर चुका था।
गांव में उसके शराब के नशे में फांसी लगाकर जान देने की चर्चाएं हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। कोतवाल सुरेश मिश्रा ने बताया कि घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।