हरदोई। जिले में विकास कार्यों को लेकर अफसरों की बनाई गई लघु फिल्म देखकर समीक्षा बैठक में राज्यमंत्री जसवंत सैनी ने कहा कि इसमें सब अच्छा ही अच्छा दिखाओगे? जो खराब है वह भी तो दिखाओ... यह सुनते ही बैठक में मौजूद कुछ चेहरों की चमक कुछ पलों के लिए फीकी पड़ गई।
रविवार को विकास भवन सभागार में जिले में कराए जा रहे विकास कार्यों की विभागीय अफसरों के साथ संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी ने समीक्षा की।
मंत्री के तेवर उस वक्त कड़क हो गए जब बिजली, सिंचाई, पीडब्ल्यूडी, स्वास्थ्य विभाग की ओर से दी जा रही जानकारियों पर जन प्रतिनिधियों और भाजपा जिलाध्यक्ष ने सवाल उठाए।
इस पर राज्यमंत्री ने नाराजगी जताते हुए कहा कि अफसर कार्यशैली में सुधार लाएं और शासन की गाइड लाइन के अनुसार कार्य करें। सांसद जय प्रकाश ने शारदा सिंचाई जल संसाधन विभाग के अधिकारी पर फोन न उठाने की शिकायत की।
पीडब्ल्यूडी अफसरों ने बताया कि संडीला हरदोई रोड का टेंडर हो गया है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। राज्यमंत्री को डीएम अविनाश कुमार ने बताया कि पटरी व्यवसायियों को स्थायी रूप से समायोजित करने का कार्य किया जा रहा है।
प्रत्येक चौराहे पर 30 मीटर तक नो वेंडिंग जोन बनाए गए हैं। अवैध स्टैंड को हटाया गया है। अतिक्रमण हटाने में लोग स्वयं भी सहयोग कर रहे हैं। इसके साथ ही अन्य विकास कार्यों की जानकारी दी गई।
जिला पूर्ति विभाग में 850 शिकायतें लंबित
मंत्री ने जिला पूर्ति विभाग की समीक्षा की। इसमें सामने आया कि विभाग में लगभग 850 शिकायतें लंबित हैं। मंत्री ने इनका जल्द से जल्द निस्तारण कराने के निर्देश दिए। डीएसओ ने बताया कि जिले में 15 हजार नए राशन कार्ड बनाने का रास्ता साफ हो गया है। इसके अलावा जिले के बाहर व दूसरे राज्यों में रह रहे 34 हजार लोग राशन ले रहे हैं।
बिजली विभाग के झूठ पर मौन रहे जनता के अगुवा
मंत्री ने जिले में बिजली आपूर्ति संबंधित जानकारी एसी से मांगी। इस पर एसी ने दावा किया कि ग्रामीण अंचलों में आपूर्ति के लिए तय शेड्यूल 18 घंटे के सापेक्ष 17 घंटे 15 मिनट, तहसील क्षेत्र में 22 घंटे के सापेक्ष 21 घंटे 25 मिनट और शहर में 24 घंटे की तुलना 23 घंटे 40 मिनट आपूर्ति दी जा रही है। बिजली विभाग के अफसर की तरफ से मंत्री के सामने बताए गए इन झूठे आंकड़ों पर बैठक में मौजूद जनता की नुमाइंदगी करने वाले जनप्रतिनिधि मौन धारण किए रहे।
बैठक में यह जनप्रतिनिधि व अफसर रहे मौजूद
बैठक में सांसद अशोक रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती, एमएलसी अशोक अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष सौरभ मिश्रा, विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू, सीडीओ आकांक्षा राना, एडीएम वंदना त्रिवेदी आदि रहे।