हरदोई। बेटे की ससुराल से वापस घर आ रहे अधेड़ की बाइक में माधौगंज थाना क्षेत्र में बघौली मार्ग पर अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौके पर मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजनों के आने पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
शहर के मोहल्ला प्रगति नगर निवासी हरिपाल (56) दिल्ली से चेन्नई जाने वाली ट्रेन की कैंटीन में काम करता था। दो माह पूर्व वह घर आया था। चार सितंबर को वह अपने बेटे विवेक की ससुराल माधौगंज के बघौड़ा गांव गया था। जहां से वह उसी रात बाइक से घर आ रहा था। रास्ते में बघौली मार्ग पर पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौके पर मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वह हेलमेट नहीं लगाए था। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। तलाशी के दौरान जेब में मिले मोबाइल से घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी। मृतक के बेटे रितेश की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ हादसे की रिपोर्ट दर्ज की। एसओ माधौगंज सुव्रत नारायण तिवारी ने बताया कि वाहन की तलाश की जा रही है।