नगर पालिका बिलग्राम की बैठक में मौजूद अध्यक्ष हबीब अहमद, ईओ श्रीचंद्र व अन्य। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। बिलग्राम नगर पालिका परिषद की बैठक मंगलवार को हुई। इस दौरान सभासदों ने सवा पांच लाख रुपये से हुए पौधरोपण की पोल खोल दी। सभासद ब्रजकिशोर ने सदन में ही पूछ दिया कि पौधे और ट्रीगार्ड कहां हैं। असहज हुई स्थिति पर नगर पालिकाध्यक्ष ने मवेशियों द्वारा पौधे चर जाने की बात कहकर मामला शांत किया।
नगरपालिका के सामुदायिक भवन में आयोजित बोर्ड की बैठक में सभासद ब्रजकिशोर ने कहा कि पांच लाख बीस हजार रुपये खर्च कर 1853 पौधे लगाए गए और इनमें 92 ट्रीगार्ड भी बनवाए गए। इसके बावजूद पौधे कहीं नजर नहीं आते। इस पर नगर पालिकाध्यक्ष हबीब अहमद ने कहा कि मवेशियों ने पौधों को नुकसान पहुंचा दिया। इसके बाद सभासद ने पीपल चौराहा से गुलाबबाड़ी चुंगी तक बनी सड़क की स्थिति खराब होने की बात कही तो नगर पालिकाध्यक्ष ने ठेकेदार को नोटिस देने और सड़क की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। रफैयतगंज के सभासद राजपाल ने नगरपालिका की ओर से खरीदी गई 100 बैटरी में से एक भी बैटरी उनके वार्ड के मोहल्लों में न लगाए जाने की बात कही। 15वें वित्त से मिले 76 लाख 19 हजार रुपये से कस्बे में दो मिनी ट्यूबवेल, कूड़ाघर की चहारदीवारी और ठेले की खरीद के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया।
बैठक में 17 करोड़ 98 लाख रुपये की आय के सापेक्ष 16 करोड़ 58 लाख रुपये व्यय होने के बाद 60 लाख रुपये का लाभ का बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक का संचालन अधिशासी अधिकारी श्रीचंद्र ने किया। नगर पालिकाध्यक्ष हबीब अहमद ने कहा कि विकास कार्यों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। बैठक में डॉ. सईद, मंगतराम, प्रेमप्रकाश श्रीवास्तव आदि सभासद मौजूद रहे।