घेरे जाने के बाद गन्ना तौल की व्यवस्था को लेकर उच्चाधिकारियों से बात करते गन्ना विकास अधिकारी शि?
- फोटो : HARDOI
हरदोई। पिछले चार दिनों से ग्राम चचरापुर में बने क्रय केंद्र पर गन्ने की तौल न होने से परेशान किसानों ने मौके पर पहुंचे गन्ना विकास अधिकारी का घेराव कर लिया। गन्ना विकास अधिकारी ने क्रय केंद्र पर खड़ी गन्ना लदी ट्रालियों की तौल जल्द से जल्द कराने का आश्वासन देकर किसानों को शांत किया।
सांडी-हरदोई मार्ग पर ग्राम चचरापुर में हरियावां चीनी मिल का गन्ना क्रय केंद्र है। यहां ग्राम मझिया, चचरापुर, रसूलपुर, ज्ञानपुरवा आदि के किसान अपने गन्ने की तौल कराते हैं। पिछले चार दिनों से यहां गन्ने की तौल बंद है और लगभग पचास ट्राली गन्ना लदी हुई खड़ी हैं। सोमवार को क्रय केंद्र का औपचारिक जायजा लेने पहुंचे गन्ना विकास अधिकारी शिव गोविंद शर्मा का किसानों ने घेराव कर लिया। किसान मोहन बाबू, शिव प्रताप, संदीप सिंह, नीरज सक्सेना, विजय प्रताप आदि ने कहा कि क्रय केंद्र का संचालक खरीदे जाने वाले गन्ने को चीनी मिल तक पहुंचाने के लिए वाहनों का इंतजाम न होने की बात कहकर तौल से इनकार कर रहे हैं। इस पर गन्ना विकास अधिकारी ने किसानों को शांत कराते हुए कहा कि ट्रकों की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि जल्द से जल्द तौल करवाकर ट्राली खाली करा दी जाएंगी।