हरदोई जिले में मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सढ़ियनपुरवा में बेटे के अन्न प्राशन कार्यक्रम में शुक्रवार की रात डीजे पर डांस के दौरान पिता ने तमंचे से हर्ष फायरिंग की। इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद दो बच्चे चपेट में आ गए, जिसमें एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा जख्मी हो गया।
बच्चे के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पिता-पुत्र पर हत्या और जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की है। सढ़ियनपुरवा निवासी शिवराम के बेटे का अन्न प्राशन संस्कार शुक्रवार को था। रात में दावत थी। इस दौरान डीजे पर डांस देखने बड़ी संख्या में ग्रामीण और बच्चे मौजूद थे।
इस बीच शिवराम ने तमंचे से हर्ष फायरिंग कर दी। गांव के कमलेश के बेटा कनिष्क (8) और अर्जुन लाल के बेटे विपिन को गोली लग गई। पेट में गोली लगने से कनिष्क और हाथ में गोली लगने से विपिन मौके पर ही गिर पड़े, जिससे अफरातफरी मच गई।
दोनों बच्चों को सीएचसी मल्लावां ले जाया गया, लेकिन तब तक कनिष्क दम तोड़ चुका था। विपिन को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना पर एएसपी पूर्वी अनिल यादव, सीओ बिलग्राम विशाल यादव और कोतवाल सुनील सिंह मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की।
कोतवाल ने बताया कि कनिष्क के पिता की तहरीर पर शिवराम और उसके पिता पुत्तीलाल के विरुद्ध हत्या और जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की गई है। बताया कि आरोपी फरार हैं और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगाई गईं हैं।