हरदोई। सुरसा थाना क्षेत्र में बिलग्राम मार्ग पर सेमरा चौराहा के पास शनिवार शाम स्कूल से पढ़ाकर आ रहे शिक्षक को बाइक सवारों ने टक्कर मार दी। विरोध करने पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसमें शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर शिक्षक का डॉक्टरी परीक्षण कराया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के रद्घेपुरवा निवासी मनोज कुमार ने पुलिस को तहरीर दी है। इसमें बताया कि वह सुरसा ब्लॉक के बदरुद्दीन पुर गांव स्थित प्राथमिक स्कूल में प्रधानाध्यापक है।
शनिवार शाम वह स्कूल से पढ़ाकर बाइक से घर लौट रहा था। सेमरा चौराहा के पास पीछे से नशे की हालत में आए बाइक सवारों ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
इसका विरोध करने पर बाइक सवारों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसमें आंख और नाक में चोटें आईं। घटना को अंजाम देकर बाइक सवार भाग गए। एसओ ओपी सिंह ने बताया कि अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।