टोडरपुर। मझिला थाना क्षेत्र के कूची खेड़ा गांव में पत्नी के मायके से न आने से क्षुब्ध किसान ने फंदा लगाकर जान दे दी। गांव के बाहर पेड़ में तहमद के फंदे से शव लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कूंची खेड़ा गांव निवासी मनीराम (40) खेती करता था। रविवार सुबह गांव के बाहर पेड़ में तहमद के फंदे से शव लटका मिला। शौच को गए ग्रामीणों ने शव लटका देखा। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंच गए।
परिजनों के मुताबिक मनीराम का उसकी पत्नी से मनमुटाव चल रहा है। वह काफी दिनों से तीन बच्चों के साथ मायके में रह रही है। वह कई बार बुलाने के बाद भी वह नहीं आ रही थी। बताया कि पत्नी के मायके से न आने से परेशान होकर मनीराम ने जान दे दी। एसओ धर्मदास सिद्धार्थ ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।