हरदोई। नकली कीटनाशक दवाएं बिकने की शिकायत पर कृषि विभाग की टीम ने छापेमारी कर कार्रवाई की है। छापेमारी के दौरान गल्ला मंडी गेट के सामने मेसर्स अनिल खाद भंडार एवं बिलग्राम के मेसर्स हिबा कृषि रक्षा सेवा केंद्र को मानक विहीन कीटनाशक दवाओं की बिक्री करते पाया गया। दोनों प्रतिष्ठानों के खिलाफ कृषि रक्षा अधिकारी नरोत्तम कुमार ने मुकदमा दर्ज करा दिया है।
कृषि रक्षा अधिकारी ने कहा कि जनपद के कीटनाशक विक्रेताओं को निर्देशित किया है कि सक्षम स्तर से दवाएं विक्रय प्राधिकार पत्र प्रतिष्ठान में रखें। अधिकृत कंपनियों की वैध एवं गुणवत्तायुक्त रसायनों का ही विक्रय करें। कृषकों को निर्धारित मूल्य पर ही रसायन विक्रय करें व कृषकों को अनिवार्य रूप से बिल कैश मेमो निर्गत करें। इस पर कीटनाशक का नाम बैच नंबर, उत्पादन की तिथि एवं अवसान की तिथि के साथ विक्रय मूल्य अवश्य अंकित किया जाय।