फोटो-24- गल्ला मंडी में शहर कोतवाल को चोरी की घटना की जानकारी देते व्यापारी
- फोटो : HARDOI
हरदोई। शहर में नवीन गल्लामंडी में शनिवार दोपहर गल्ले की आढ़त से एक लाख 20 हजार रुपये से भरी गोलक उठाकर बाइक सवार भाग गए।
दिनदहाड़े हुई वारदात से व्यापारियों में आक्रोश है। व्यापारियों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गेट पर लगे सीसीटीवी खंगाले। फुटेज में बाइक सवारों की तस्वीर दिखी। पुलिस जांच में जुटी है।
शहर के मोहल्ला नई बस्ती निवासी अनिल गल्ला व्यापारी हैं। शहर में नवीन गल्लामंडी के गेट के पास आढ़त की दुकान है। अनिल के मुताबिक दोपहर में वह बेटे अभय को दुकान पर बैठाकर घर चले गए थे।
बेटा दुकान खुली छोड़कर पास स्थित चबूतरे पर बैठ गया। गेट पर आए ट्रैक्टर चालक ने उससे फोन पर बात करने की बात कही। अभय बात कराने में व्यस्त हो गया।
इस दौरान एक बाइक पर सवार होकर आए दो युवक दुकान के अंदर रखी एक लाख 20 हजार रुपये से भरी गोलक उठाकर चंपत हो गए। कुछ देर बाद दुकान पर पहुंचे अभय को गोलक गायब मिली।
अभय ने इसकी सूचना पिता अनिल को दी। मौके पर पहुंचे अनिल के शोर मचाने पर व्यापारियों की भीड़ लग गई। मंडी में दिनदहाड़े हुई वारदात से सनसनी फैल गई।
घटना से आक्रोशित व्यापारियों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर कोतवाल संजय पांडेय मौके पर आ गए। कोतवाल ने गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे दिखवाए। बताया कि गोलक लेकर भाग रहे बाइक सवार दो युवकों की तस्वीर कैद मिली है। पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।