पाली। रविवार रात सीओ विकास जायसवाल के नेतृत्व की क्राइम ब्रांच टीम ने पटियानीब मोहल्ला में छापा मारकर चोरी की सात बाइकों समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई से कस्बे में हड़कंप मच गया।
कस्बे के मोहल्ला पटियानीम में बाइक चोरी का गिरोह लंबे समय से सक्रिय था। पाली पुलिस को इसकी जानकारी नहीं हो सकी। रविवार रात करीब नौ बजे सीओ की अगुवाई में गठित कछौना पुलिस व क्राइम ब्रांच टीम ने पटियानीब में छापा मारा।
टीम ने एक-एक घर में जाकर चोरी की सात बाइकें बरामद कीं। पुलिस को देख कर भागने का प्रयास कर रहे अमन, ललोरी, रामजी और लालाराम को टीम ने दबोच लिया।
इसके बाद टीम सभी बाइकों को एक पिकअप में लादकर ले गई। देर रात पुलिस की चहल कदमी और टार्च की रोशनी से मोहल्ले के बाशिंदों में हड़कंप मच गया।
सीओ विकास जायसवाल ने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।
जयपुर से चोरी कर लाते थे, 10 हजार में बेचते
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह जयपुर से बाइकें चुराकर लाते थे। क्षेत्र में पांच से 10 हजार रुपये में बेच देते थे। बाइक चोरी करके बेचने में वह लोग कई वर्षों से संलिप्त थे। चोरी की बाइकों का खुलासा तब हुआ जब आरोपियों ने नगर पंचायत के एक कर्मचारी को पांच हजार रुपये में बाइक बेंच दी। जानकारी करने पर बाइक चोरी की होने पर उसने अपने रुपये लेकर बाइक लौट दी।
थाने से 400 मीटर दूरी पर दौड़ रहीं थी चोरी की बाइकें
पाली थाने से 400 मीटर की दूरी पर कई वर्षों से आरोपी चोरी की बाइकें दौड़ाते थे। पुलिस रोजाना चौराहों पर चेकिंग करती रहती थी, लेकिन शातिर चोर पाली पुलिस के हाथ नहीं लगे। इसके चलते शातिरों ने चोरी की दर्जनों बाइकें बेच दीं। यह बात क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
पकड़ने का खौफ, नदी में फेंक दी बाइकें
क्राइम ब्रांच टीम की छापामारी के दौरान बाइकें बरामद होने से चोरी की बाइक खरीदने वालों के अंदर पुलिस का खौफ इस कदर बना कि दो लोगों ने रात में चोरी की बाइकें ले जाकर गर्रा नदी में फेंक दी। सूत्रों की माने तो क्षेत्र में लगभग 50 केे करीब चोरी की बाइकें बेंची जा चुकी हैं।